Home उत्तर प्रदेश अखिल भारत हिन्दू महासभा ने विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम...

अखिल भारत हिन्दू महासभा ने विभिन्न मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: अखिल भारत हिन्दू महासभा ने जनहित एवं धर्महित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। संगठन ने कई मामलों में उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की। ज्ञापन में महासभा ने वर्ष 2020 में बिहार के भोजपुर जनपद में भरत भूषण तिवारी की मृत्यु के मामले का उल्लेख करते हुए इसकी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने तथा यदि किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय होती है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को लेकर भी अपनी आपत्तियां और सुझाव व्यक्त किए गए। संगठन ने ट्रस्ट के संबंध में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक समझे जाने पर ट्रस्ट की व्यवस्था में बदलाव करने की मांग की। अखिल भारत हिन्दू महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य जनभावनाओं से जुड़े विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने मांग की कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए उचित कार्रवाई की जाए।