भूमि अधिग्रहण, मुआवजा और भुगतान में देरी को लेकर किसानों ने जताई नाराजगी
JHANSI NEWS: बीड़ा परियोजना से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर रविवार को ग्राम राजापुर में कांग्रेस की किसान पंचायत आयोजित की गई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. बलवान सिंह यादव भोजला के संयोजन में आयोजित इस पंचायत में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। किसानों ने प्रदेश प्रभारी के समक्ष आरोप लगाया कि बीड़ा परियोजना के नाम पर उनकी भूमि का उचित मूल्य नहीं दिया जा रहा है। कई किसानों की भूमि की रजिस्ट्री हुए तीन से चार महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक भुगतान नहीं मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र के सर्किल रेट लंबे समय से नहीं बढ़ाए गए हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने पुनर्वास की श्रेणी-3 की भूमि का उचित मुआवजा न मिलने, कम दरों पर भूमि अधिग्रहण किए जाने तथा रजिस्ट्री के बाद भुगतान के लिए महीनों तक अधिकारियों के चक्कर लगाने की मजबूरी का मुद्दा भी उठाया। किसानों का आरोप था कि भुगतान शीघ्र कराने के नाम पर कुछ लोगों द्वारा लाखों रुपये की दलाली मांगी जा रही है, जिससे प्रभावित किसानों में भारी रोष है। प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि किसानों की सभी शिकायतों और समस्याओं को कांग्रेस नेता राहुल गांधी तक पहुंचाया जाएगा, ताकि इन मुद्दों को संसद में प्रमुखता से उठाकर सरकार से जवाब मांगा जा सके। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, पूर्व विधायक ब्रजेंद्र कुमार व्यास, डॉ. सुधांशु त्रिपाठी, राजेंद्र शर्मा, राजेंद्र सिंह यादव, हरवंश लाल, शिव नारायण सिंह परिहार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया, योगेंद्र सिंह पारीछा, अमीर चंद आर्य, लोकेंद्र सिंह यादव, युवराज सिंह यादव, जीतू राजा दाऊ साहब, राजपाल सिंह बुंदेला, कुलदीप यादव, चंद्रपाल सिंह यादव, महेंद्र प्रताप सिंह परमार, सुनील यादव, शशिकांत राजपूत, तरुण सांवला, कुलदीप दुबे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







