FATEHPUR NEWS: ललौली थाना क्षेत्र के सातआना मोहल्ले में दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता सबीला पत्नी शमी ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर पड़ोसियों पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप लगाया कि थाना पुलिस से शिकायत के बावजूद तीन दिन बीत जाने पर भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के अनुसार, मोहल्ले के अजमेरी, भोलू, नसीब और समीर क्षेत्र में रंगदारी वसूलते हैं। विरोध करने पर लोगों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती है। आरोप है कि 7 जुलाई 2026 की शाम करीब 8 बजे जब वह अपने मायके से घर लौट रही थीं, तभी रास्ते में अजमेरी और भोलू ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए पेट में लात मार दी। शोर सुनकर उनकी मां नजमा और पिता नफीस बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोप है कि नसीब और समीर ने डंडे से उनकी मां के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उनके पिता और उन्हें भी लाठी-डंडों से पीटा। पीड़िता का आरोप है कि घटना के दौरान मोहल्ले के कुछ लोग वीडियो बनाने लगे, जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सबीला ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल ललौली थाने में दी गई थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।







