Home उत्तर प्रदेश लाखों की लागत से बना अमृत सरोवर उपेक्षा का शिकार गंदगी और...

लाखों की लागत से बना अमृत सरोवर उपेक्षा का शिकार गंदगी और बदहाल व्यवस्था से ग्रामीण परेशान

अषाढ़ा गांव में 2022 में हुआ था अमृत सरोवर का निर्माण अधूरे कार्य और सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
KAUSHAMBI NEWS: मंझनपुर तहसील क्षेत्र के अषाढ़ा गांव स्थित अमृत सरोवर इन दिनों बदहाली और उपेक्षा का शिकार बना हुआ है। वर्ष 2022 में अमृत सरोवर योजना के तहत तालाब का विकास कार्य कराया गया था, लेकिन वर्तमान में यहां चारों ओर गंदगी फैली हुई है और पहुंच मार्ग भी जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुका है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की सुरक्षा के लिए लगाए गए केवल पिलर ही दिखाई देते हैं, जबकि चारों ओर तारबंदी आज तक नहीं कराई गई। इससे पशुओं का आवागमन बना रहता है और तालाब परिसर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इसी अमृत सरोवर में हर वर्ष दुर्गा प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। इसके बावजूद तालाब की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गंदगी के कारण श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है।ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अमृत सरोवर के रखरखाव की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से तालाब की सफाई, टूटी सड़क की मरम्मत, चारों ओर तारबंदी और अन्य अधूरे कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि अमृत सरोवर अपनी मूल उपयोगिता के अनुरूप विकसित हो सके।