PRAYAGRAJ NEWS: शंकरगढ़ थाना क्षेत्र कपारी स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट यार्ड के सामने बुधवार रात एक सड़क पार करते समय ट्रक खलासी की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से हुई मौत! घायल खलासी की पहचान नरेंद्र के रूप में हुई। 25 वर्षीय नरेंद्र सविता गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। नरेंद्र फतेहपुर जिले के मदरियापुर, थाना राधानगर के निवासी थे और सोहन सविता के पुत्र थे। बताया गया है कि नरेंद्र सविता चाय और बीड़ी पीने के लिए सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना मिलने पर शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल खलासी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरगढ़ ले जाया गया। थाना प्रभारी सुशील कुमार दुबे ने जानकारी दी कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक को टक्कर मारने वाला वाहन बस था या ट्रक। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।







