Home उत्तर प्रदेश आनंद कानन में बनेगा कला गुरुकुल, काशी की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा...

आनंद कानन में बनेगा कला गुरुकुल, काशी की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया आयाम

VARANASI NEWS: भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य एवं ललित कलाओं की गुरु-शिष्य परंपरा को नए स्वरूप में विकसित करने के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने रविदास पार्क स्थित आनंद कानन में ष्आनंद कानन कला गुरुकुलष् स्थापित करने की योजना तैयार की है। यह केंद्र भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन का प्रमुख संस्थान बनेगा। वीडीए के अनुसार प्रस्तावित गुरुकुल में शास्त्रीय एवं उपशास्त्रीय संगीत, लोकसंगीत, कथक, शास्त्रीय एवं लोकनृत्य, वादन, नाट्यकला, चित्रकला सहित विभिन्न भारतीय कलाओं का प्रशिक्षण गुरु-शिष्य परंपरा के अनुरूप दिया जाएगा। परिसर का विकास वैदिक गुरुकुल ग्राम की अवधारणा पर होगा, जिसमें भारतीय स्थापत्य शैली, प्राकृतिक वातावरण और आध्यात्मिक परिवेश का समावेश रहेगा। परियोजना को आकार देने में वीडीए के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसकी सांस्कृतिक एवं स्थापत्य परिकल्पना प्रख्यात कलाकार मनीष खत्री ने तैयार की है, जबकि सुबह-ए-बनारस आनंद कानन के रत्नेश वर्मा सहित कई कला गुरुओं का भी सहयोग मिल रहा है। गंगा तट के समीप स्थित इस परिसर में कला प्रशिक्षण के साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं एवं सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे। इसका उद्देश्य केवल कलाकार तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसे सांस्कृतिक दूत तैयार करना है जो विश्व मंच पर भारतीय संस्कृति और सनातन जीवन मूल्यों का प्रतिनिधित्व कर सकें। वीडीए का मानना है कि आनंद कानन कला गुरुकुल भविष्य में काशी ही नहीं, बल्कि पूरे देश का प्रमुख सांस्कृतिक केंद्र बनेगा और देश-विदेश के विद्यार्थियों, कलाकारों एवं शोधार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र सिद्ध होगा।