SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में पारिवारिक विवादों को सुलझाने और बिखरते परिवारों को बचाने के लिए पुलिस द्वारा चलाई जा रही मुहिम रंग ला रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के कुशल नेतृत्व, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के कुशल निर्देशन व क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सौरयान के कुशल पर्यवेक्षण में दिनांक 05 जुलाई 2026 को महिला थाने पर एक सुखद नजारा देखने को मिला। ‘मिशन शक्ति फेज 5.0 (II)’ के तहत महिला थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र में प्रभारी निरीक्षक द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से कुल 10 जोड़ों के बीच चल रहे लंबे मनमुटाव को दूर कराया गया। पुलिस की इस संवेदनशील पहल के बाद सभी जोड़े अपने आपसी गिले-शिकवे और विवादों को भुलाकर एक-दूसरे के साथ हँसते-खुशी रहने की प्रतिज्ञा लेकर घर के लिए विदा हुए। पारिवारिक रिश्तों को बिखरने से बचाने और इन दम्पत्तियों के जीवन में दोबारा खुशियां लौटाने में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पाण्डेय सहित उनकी पूरी काउंसलिंग टीम का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस सराहनीय कार्य को धरातल पर सफल बनाने में काउंसलिंग टीम की सदस्य महिला हेड कांस्टेबल रीना रावत, महिला आरक्षी प्रियंबदा सिंह, महिला आरक्षी शिखा खरवार और महिला आरक्षी प्रगति ने अपनी कुशलता से दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर विवाद का शांतिपूर्ण निस्तारण कराया। महिला थाने से मिली जानकारी के अनुसार, इस मुहिम के तहत जिन 10 परिवारों की पत्रावलियों का सफल निस्तारण कर उन्हें नया जीवन दिया गया, उनमें बिडरा (थाना मिश्रौलिया) के आशीष, सेखुइया (थाना उसका बाजार) की सुनीता, वार्ड नंबर 2 मील कॉलोनी बढ़नी (थाना ढेबरुआ) की सबा खातून, सुल्तानपुर (थाना कोतवाली) की रुबी, छितौना (थाना बांसी) की पुष्पा, तिघरा (थाना उसका बाजार) की अंजना विश्वकर्मा, बनगवा पड़ाईन (थाना पथरा बाजार) के सोनू, सोनहा बनही जंगल (थाना सोनहा, जनपद बस्ती) की सोनू तथा डिमनगर टोला सरौला (थाना उसका बाजार) के संजय कुमार से जुड़े पारिवारिक विवाद शामिल रहे। पुलिस की इस मानवीय और सकारात्मक कार्यशैली की हर तरफ जमकर सराहना हो रही है।







