Home उत्तर प्रदेश नामांकन में लापरवाही पर कई खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब और...

नामांकन में लापरवाही पर कई खंड शिक्षा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

SIDHARTHNAGAR NEWS: सिद्धार्थ सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की एक महत्वपूर्ण मूल्यांकन बैठक संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। बैठक में बच्चों के नामांकन की कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जोगिया, इटवा, डुमरियागंज और खुनियांव के खंड शिक्षा अधिकारियों को छात्र नामांकन की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर कारण बताओ स्पष्टीकरण पत्र जारी करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही बांसी, मिठवल और बर्डपुर के खंड शिक्षा अधिकारियों को 3 से 6 वर्ष के बच्चों के नामांकन में ढिलाई बरतने के लिए जवाबदेह तय करते हुए स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक केवल 44,974 नामांकन ही हुए हैं, जिसमें तेजी लाने की सख्त आवश्यकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि 3 से 6 वर्ष के सभी बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी केंद्रों पर और 5 से 6 वर्ष के बच्चों का नामांकन विद्यालयों में अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। बैठक में ‘पीएम श्री विद्यालय’ के प्रथम एवं द्वितीय चरण के मानकों और निपुण लक्ष्य के मार्गदर्शिका की प्रगति जांची गई। जिलाधिकारी ने प्रथम चरण में स्वीकृत मुख्यमंत्री मॉडल एवं अभ्युदय संयुक्त विद्यालयों के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उच्चीकृत किए जाने वाले कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अतिरिक्त शयनकक्ष और कंप्यूटर प्रयोगशाला का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए और वहां भी नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जाए। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के पुनर्निर्माण और दिव्यांग शौचालयों के जो कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें तत्काल विभाग को सुपुर्द करने के कड़े निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं को परखने के लिए पीएम श्री विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों और प्राथमिक विद्यालयों का जिला व ब्लॉक स्तरीय विशेष कार्य बल द्वारा नियमित निरीक्षण करने की बात कही गई। पीएम श्री विद्यालयों के सघन निरीक्षण के लिए एक विशेष जांच दल गठित कर जल्द से जल्द आख्या उपलब्ध कराने को कहा गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला विकास आयुक्त मनरेगा संदीप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार समेत जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारी और शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।