BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर लंबे समय से प्रदर्शित हो रही अनस्पेंट बैलेंस को शून्य नहीं करने के मामले में ग्राम विकास अधिकारी नीलेश श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। जिला विकास अधिकारी ने यह कार्रवाई विकास खंड पचपेड़वा में तैनात ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ की है। कार्यालय आदेश के अनुसार, ग्राम पंचायत मदरहिया में 1,16,067 रुपये, मनकौरा में 10,881 रुपये और बरगदवा सोहना में 10,852 रुपये की अनस्पेंट बैलेंस लंबे समय से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित हो रही थी। आरोप है कि इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) और जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से पत्र, व्हाट्सएप और दूरभाष के माध्यम से कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन उनका पालन नहीं किया गया।
नोटिस के बाद भी नहीं दिया संतोषजनक जवाब
विभाग की ओर से 22 जून और 26 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए थे। आरोप है कि इसके बावजूद न तो संतोषजनक जवाब दिया गया और न ही अनस्पेंट बैलेंस को शून्य करने के लिए कोई सुधारात्मक कार्रवाई की गई।
जिले की रैंकिंग प्रभावित होने का आरोप
आदेश में कहा गया है कि इस लापरवाही के कारण मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिले की रैंकिंग प्रभावित हुई और शासन स्तर पर जनपद की छवि पर प्रतिकूल असर पड़ा। विभाग ने इसे सरकारी दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना तथा उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली के उल्लंघन की श्रेणी में माना है।
गैंसड़ी से संबद्ध, जांच शुरू
निलंबन अवधि के दौरान नीलेश श्रीवास्तव को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही उन्हें विकास खंड गैंसड़ी से संबद्ध किया गया है। मामले की जांच के लिए खंड विकास अधिकारी गैंसड़ी को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर आरोप-पत्र जारी करने और निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।







