SANGRAM GARH NEWS: संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम करमाईन निवासी हीरालाल सरोज (55 वर्ष), पुत्र सहदेव सरोज, तथा उनकी पत्नी अंतिम सरोज पर मजदूरी का बकाया भुगतान मांगने को लेकर कथित रूप से हमला कर दिया गया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित हीरालाल सरोज ने बताया कि गांव के ही गुलशन, पुत्र तुलसीराम, उन्हें हरियाणा स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मिस्त्री के साथ काम कराने के लिए ले गए थे। काम पूरा होने के बाद जब उन्होंने अपनी बकाया मजदूरी मांगी, तो आरोप है कि गुलशन और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने लाठी-डंडों से उनकी और उनकी पत्नी की पिटाई कर दी। हमले में हीरालाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैरों में धारदार हथियार से चोट लगने के कारण कई टांके लगाए गए। ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया. घटना के संबंध में हीरालाल सरोज ने थाना संग्रामगढ़ में लिखित तहरीर दी है। थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह तोमर ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की जांच कराई जा रही है तथा जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।







