FATEHPUR NEWS: राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर शहर के सिविल लाइंस स्थित श्याम नर्सिंग होम एंड ब्लड बैंक में बुधवार को एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों के समाज एवं मानव सेवा में दिए जा रहे अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा भावना के माध्यम से समाज को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मरीजों की सेवा के प्रति उनकी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता प्रेरणादायी है। राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इस दौरान ब्लड बैंक की ओर से डॉ. ए. के. गुप्ता, प्रवीण श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं स्टाफ नर्स साक्षी, अंजली, कंचन रानी, संजना यादव एवं मुस्कान सहित अन्य तकनीकी कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए चिकित्सकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा चिकित्सकों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।







