Home उत्तर प्रदेश सोलर कंपनी पर वादाखिलाफी का आरोप, महिला बोली— अधूरा प्लांट छोड़ मांगी...

सोलर कंपनी पर वादाखिलाफी का आरोप, महिला बोली— अधूरा प्लांट छोड़ मांगी अतिरिक्त रकम

3 किलोवाट सोलर प्लांट पूरा न करने से आर्थिक नुकसान का दावा, उपभोक्ता आयोग में शिकायत की तैयारी
JHANSI NEWS: सिविल लाइंस स्थित ग्वाल टोली निवासी अंजू यादव ने रामराजा सोलर एनर्जी कंपनी पर वादाखिलाफी, लापरवाही और आर्थिक नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा समय पर कार्य पूरा न किए जाने के कारण उन्हें मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि अब वह जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, झांसी में कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रही हैं। अंजू यादव के अनुसार वर्ष 2025 में उन्होंने फाइनेंस के माध्यम से कंपनी से 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट लगवाने का अनुबंध किया था। स्थापना के दौरान कंपनी के कर्मचारियों ने छत का निरीक्षण कर बताया कि उपलब्ध स्थान कम होने के कारण फिलहाल पूरा प्लांट स्थापित नहीं किया जा सकता। इसके बाद चार सोलर पैनल लगाए गए, जबकि दो पैनल उनके घर पर ही छोड़ दिए गए। कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि भविष्य में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के शेष दो पैनल और उनका स्ट्रक्चर नि:शुल्क स्थापित कर दिया जाएगा। पीड़िता का आरोप है कि उन्होंने कई बार कंपनी से संपर्क कर शेष कार्य पूरा कराने का अनुरोध किया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। बाद में कंपनी की ओर से शेष कार्य पूरा करने के लिए 15 हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने की मांग की गई, जबकि पहले नि:शुल्क स्थापना का वादा किया गया था। अंजू यादव ने बताया कि कंपनी की उदासीनता के चलते उन्हें मजबूरी में दूसरी संस्था से शेष दो सोलर पैनल एवं संबंधित कार्य अपने खर्च पर कराना पड़ा, जिस पर करीब 12 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च हुए। उन्होंने कहा कि अब वह बिल, भुगतान संबंधी दस्तावेज, फोटो और अन्य साक्ष्यों के साथ जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगी। उन्होंने आयोग से आर्थिक क्षति की भरपाई, मानसिक उत्पीड़न के लिए क्षतिपूर्ति तथा कंपनी के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग करने की बात कही।