Home उत्तर प्रदेश कुशीनगर जिला अस्पताल में लाशों पर वसूली’ का आरोप

कुशीनगर जिला अस्पताल में लाशों पर वसूली’ का आरोप

पोस्टमार्टम किट और शव वाहन के नाम पर 11 हजार ऐंठने का दावा, हियुवा नेता ने डीएम -सीएमओ को दिया ज्ञापन
KUSHINAGAR NEWS: जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पर गंभीर आरोप लगे हैं। शोक में डूबे परिजनों से पोस्टमार्टम के नाम पर अवैध वसूली का मामला सामने आया है। हियुवा जिलाध्यक्ष व पूर्व जनपद सदस्य संजय सिंह ‘मुन्ना’ ने डीएम और सीएमओ को ज्ञापन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
3 शवों के लिए 11 हजार लेने का आरोप 
ज्ञापन में आरोप है कि 27 जून 2026 को अहिरौली थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मारे गए तीन लोगों के पोस्टमार्टम के बदले परिजनों से वसूली की गई। किट के नाम पर प्रति शव 1500 रुपये यानी 4500 रुपये और शव वाहन के नाम पर 6500 रुपये लिए गए। कुल 11 हजार रुपये वसूलने का आरोप है।
अमानवीय कृत्य, स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल
संजय सिंह ‘मुन्ना’ ने कहा कि गमगीन परिवारों से इस तरह पैसा लेना अमानवीय है। इससे स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि दोषी कर्मचारियों को चिन्हित कर कठोर कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई शोकाकुल परिवार इस तरह की वसूली का शिकार न हो।
प्रशासन के एक्शन पर नजर
यह मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप है। अब सबकी नजर जिला प्रशासन की जांच पर टिकी है। देखना होगा कि डीएम और सीएमओ के स्तर से क्या कार्रवाई होती है और जांच में आरोप सही पाए जाते हैं या नहीं।
नोट‌ यह खबर ज्ञापन के आधार पर है। अस्पताल प्रशासन का पक्ष आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।