Home उत्तर प्रदेश मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने सौंपा ज्ञापन

मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, सपा ने सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सोमवार को उप जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, विधानसभा क्षेत्र बिंदकी को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार रचना यादव को सौंपा। पार्टी नेताओं ने मतदाता सूची में सुधार कराने और कथित गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहसील परिसर में पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर दयाल ‘दयालू’ गुप्ता के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि एक ही बूथ पर एक ही मकान संख्या, एक ही नाम, एक ही पिता के नाम और समान आयु वाले मतदाताओं के नाम अलग-अलग क्रम संख्या पर दर्ज हैं। सपा नेताओं ने इसे गंभीर अनियमितता बताते हुए मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। ज्ञापन के दौरान सपा नेता दयालू गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन मतदाता सूची में कई मतदाताओं के फोटो प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि फोटोयुक्त मतदाता सूची ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाए, ताकि मतदाता सूची का सही तरीके से सत्यापन और अवलोकन किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी लोकतांत्रिक प्रक्रिया की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती है। यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किए गए और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान शिवशंकर यादव, इकरार बेग उर्फ लाला, गौरव गुप्ता उर्फ रवि गुप्ता, सुनील पाल, अधिवक्ता शाह तालिब अली, बेदू गुप्ता, मोहम्मद इमरान, नसीम अहमद, आशुतोष शुक्ला, महंगू निषाद, कमलेश गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।