Home उत्तर प्रदेश नाज़िया इलाही खान के कथित आपत्तिजनक बयानों पर कार्रवाई की उठी मांग

नाज़िया इलाही खान के कथित आपत्तिजनक बयानों पर कार्रवाई की उठी मांग

काज़ी-ए-शहर मुफ्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही के नेतृत्व में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा
FATEHPUR NEWS: सोमवार को मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने नाज़िया इलाही खान द्वारा इस्लाम धर्म, पैगम्बर-ए-इस्लाम और उम्मुल मोमिनीन हज़रत आयशा (रज़ियल्लाहु अन्हा) के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस संबंध में काज़ी-ए-शहर मुफ्ती शहाबुद्दीन मिस्बाही के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से भारत की महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नाज़िया इलाही खान ने विभिन्न सोशल मीडिया मंचों और सार्वजनिक कार्यक्रमों में ऐसी टिप्पणियां की हैं, जिनसे मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रकार के कथित बयान सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे को प्रभावित कर सकते हैं। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कर कानून के अनुरूप उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक भावनाओं का सम्मान बना रहे और समाज में शांति एवं सद्भाव कायम रहे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। इस दौरान उपस्थित जिम्मेदारों ने कहा कि उनकी मांग केवल कानून के दायरे में निष्पक्ष कार्रवाई की है, जिससे भविष्य में किसी भी धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।