Home उत्तर प्रदेश सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को मिला नेशनल सोशल इम्पेक्ट व वर्ल्ड बुक...

सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन को मिला नेशनल सोशल इम्पेक्ट व वर्ल्ड बुक ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड

शहीदों की स्मृति में रक्तदान शिविर के लिए मिला सम्मान, प्रदेशभर के समाजसेवी रहे मौजूद
FATEHPUR NEWS: जनपद में रक्तदान और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। संस्था को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘नेशनल सोशल इम्पेक्ट अवार्ड-2026’ एवं ‘वर्ल्ड बुक ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) द्वारा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी, लखनऊ के अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में आयोजित भव्य राष्ट्रीय समारोह में प्रदान किया गया। संस्था की ओर से यह प्रतिष्ठित सम्मान ग्रहण करने के लिए शोभित सिंह, फूल सिंह मौर्य और गुरमीत सिंह समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, लघु उद्योग मंत्री नटवर गोयल, संदीप बंसल, निफा के राष्ट्रीय सचिव अश्विनी सेठी, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश कोषाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी तथा ‘स्माइल मैन’ के नाम से प्रसिद्ध सर्वेश अस्थाना ने संयुक्त रूप से संस्था को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिलीप कुमार दुबे एवं आलोक अग्रवाल ने की। यह सम्मान निफा के ‘संवेदना-2’ अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए दिया गया। संस्था ने अमर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस पर मानस रक्तकेंद्र में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया था। इस अभियान का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों से अधिकाधिक रक्त एकत्रित कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाना था। इस महाअभियान में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की सक्रिय भागीदारी और प्रभावशाली योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया। राष्ट्रीय सम्मान समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत अनेक प्रमुख व्यक्तित्व शामिल हुए। इनमें लुधियाना से गोपाल सिंह पुरवा, लखनऊ से सचिन श्रीवास्तव एवं महेंद्र कनवाल, मिर्जापुर से कृष्णानंद हैहेवंशी और अभिषेक साहू, गाजीपुर से शीर्ष दीप एवं डॉ. उरूज इस्लाम, वाराणसी से नामित पारिख और रोहित साहनी, आगरा से सुंदर सिंह, अयोध्या से इंस्पेक्टर रंजीत यादव, कानपुर से पवन एवं रोहित त्रिपाठी सहित गोरखपुर, गोंडा, सोनभद्र, बस्ती, बलरामपुर और सिद्धार्थनगर समेत कई जनपदों के समाजसेवी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।