अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान एवं चढ़ावे की कथित चोरी के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए एफआईआर दर्ज करा दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित एसआईटी (विशेष जांच दल) की प्राथमिक रिपोर्ट में कार्रवाई की संस्तुति के बाद यह मुकदमा दर्ज किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर बीएनएस की धाराओं 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एफआईआर में टिन्नू यादव, लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, करुणेश पांडेय, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, रमाशंकर मिश्रा तथा सुभाष चंद्र श्रीवास्तव को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात व्यक्तियों को भी आरोपी बनाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, एसआईटी की जांच में प्रारंभिक स्तर पर अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में आगे व्यापक जांच जारी है और आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।







