Home उत्तर प्रदेश सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम-एसपी सख्त, ओवरलोड वाहनों व नियम उल्लंघन पर...

सड़क सुरक्षा को लेकर डीएम-एसपी सख्त, ओवरलोड वाहनों व नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, परमिट, फिटनेस व चालक सत्यापन समयबद्ध पूरा कराने के निर्देश
BHADOHI NEWS: जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में सड़क सुरक्षा की वर्तमान स्थिति, यातायात व्यवस्था तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए तथा उन्हें नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने परिवहन एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में विद्यालयों द्वारा संचालित वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त विद्यालयों को निर्देशित किया कि उनके वाहनों से संबंधित सभी आवश्यक अभिलेख, फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट एवं अन्य दस्तावेज अद्यतन रखे जाएं। साथ ही वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाएं, ताकि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।उन्होंने ओवरलोड वाहनों, डंपरों तथा नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाली बसों के विरुद्ध सघन और कठोर प्रवर्तन कार्रवाई किए जाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों एवं दुर्घटना संभावित स्थलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क संकेतकों, चेतावनी बोर्डों, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर बल दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 शुभांगी शुक्ला, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा संबंधी उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करने का आश्वासन दिया।