Home उत्तर प्रदेश कैंसर पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार, भूमि कब्जाने और धमकी देने...

कैंसर पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार, भूमि कब्जाने और धमकी देने का आरोप

JHANSI NEWS: ग्राम अठौदना निवासी जय सिंह पुत्र लाखन सिंह ने जिलाधिकारी झांसी को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही कालीचरन राय पर भूमि कब्जाने की कोशिश, फर्जी शिकायतें करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। जय सिंह ने बताया कि वह कैंसर से पीड़ित है और उसका उपचार दिल्ली के एक अस्पताल में चल रहा है। उसके अनुसार ग्राम अठौदना स्थित उसकी भूमि पर उसका वैध कब्जा है तथा संबंधित अभिलेखों और बंदोबस्ती नक्शे में आवश्यक संशोधन भी हो चुका है। इसके बावजूद कालीचरन राय लगातार भूमि पर दावा करते हुए उसे परेशान कर रहा है। प्रार्थी का आरोप है कि कालीचरन राय पूर्व में भी भूमि विवाद को लेकर दबाव बनाता रहा है और कई बार प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को उसके खिलाफ कथित रूप से झूठी शिकायतें दे चुका है। जय सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों की भूमि की पैमाइश कर सीमांकन कराया जा चुका है तथा पिलर और तार फेंसिंग भी लगी हुई है, फिर भी विवाद उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि 15 जून की शाम कालीचरन कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और कथित रूप से पत्थर की चारदीवारी तोड़ने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शोर सुनकर ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी वहां से चला गया।
पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर उसकी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।