Home उत्तर प्रदेश मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने...

मोहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कस्बे के सात्विक मैरेज हाल में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कर्मेंद्र कुमार ने की।बैठक में क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद सहित प्रशासनिक अधिकारी, ताजियेदार और दोनों समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। एसडीएम कर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व परंपरागत तरीके से ही मनाया जाए और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा ऐसे किसी भी नारे या गतिविधि से बचने की हिदायत दी, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने ताजिया की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार रखने, तय मार्गों का पालन करने, जुलूस मार्ग पर गड्ढों की भराई कराने और मंदिरों के सामने निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। साथ ही पर्व के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की बात कही। प्रभारी निरीक्षक दुर्गा प्रसाद ने कहा कि जुलूस में शामिल साउंड सिस्टम की जानकारी पूर्व में पुलिस को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगातार पैदल गश्त की जा रही है और जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में शासन द्वारा नामित सभासद मुन्नू मौर्या, मो वसीम खां, सतीश शर्मा, पंकज चतुर्वेदी, मो अहमद, गणेश अग्रहरि, विजय शर्मा, ध्रुव चतुर्वेदी, फारूक, गोलू साहू समेत पुलिस व प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।