Home उत्तर प्रदेश पिपरमिंट की कटाई करने खेत गई किशोरी की गला घोंटकर हत्या

पिपरमिंट की कटाई करने खेत गई किशोरी की गला घोंटकर हत्या

दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका,आरोपी गिरफ्तार
KAUSHAMBI NEWS: पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव में एक 14 वर्षीय किशोरी की गला घोंटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी मच गई।किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया और किशोरी के शव को बरामद करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच में जुटी हुई है। बताया जाता है कि पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा गांव निवासी कौशल्या पुत्री झाली सरोज 15 वर्ष मंगलवार की शाम पिपरमेंट की कटाई करने गई थी।आरोप है कि देर शाम घर लौटते समय रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही राहुल पुत्र भैयालाल सरोज ने किशोरी को पकड़ लिया और उसे सुनसान स्थान की ओर ले गया। आरोप है कि दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी की गला घोंटकर हत्या कर दी।देर रात तक किशोरी के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोजबीन के दौरान ग्रामीणों को जानकारी मिली कि राहुल पुत्र भैयालाल सरोज को किशोरी को घसीटकर ले जाता देखा गया था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पश्चिम शरीरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद कर लिया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।