Home उत्तर प्रदेश यूरिया की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, किसान खाद भंडार समेत दो गोदाम...

यूरिया की कालाबाजारी पर प्रशासन सख्त, किसान खाद भंडार समेत दो गोदाम सील, 459 बोरी बरामद

KUSHINAGAR NEWS: किसानों से तय रेट से 300 रुपये महंगा यूरिया बेचने के मामले में जिलाधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की है। जटहा बाजार, विशुनपुरा स्थित किसान खाद भंडार पर छापेमारी कर प्रतिष्ठान और उससे जुड़े दो गोदामों को सील कर दिया गया। मौके से कुल 459 बोरी यूरिया बरामद हुई। डीएम को लगातार शिकायत मिल रही थी कि खाद की मांग बढ़ने पर किसानों से अधिक कीमत वसूली जा रही है। शिकायत पर सहायक निबंधक सहकारिता, सहायक आयुक्त सहकारिता और जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह की संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में यूरिया 300 रुपये प्रति बोरी तक महंगी बेचने की पुष्टि हुई। टीम ने प्रतिष्ठान और दोनों गोदामों को सील कर यूरिया को कब्जे में ले लिया। कार्रवाई के बाद जिले के खाद कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
सवाल बरकरार 
किसानों से वसूली गई अतिरिक्त रकम का हिसाब कौन देगा? यह खेल कब से चल रहा था? नेटवर्क में और कौन शामिल है? क्या अन्य दुकानों की भी जांच होगी ? अधिकारियों ने साफ किया है कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।