BHADOHI NEWS: भदोही पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देश और अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में, औराई पुलिस ने 15 जून 2026 को दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। थाना औराई पुलिस टीम रात्रि में सघन चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ शातिर चोर चोरी की मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने सोमवार को देर रात 01ः20 बजे कोठरा तिराहा के पास घेराबंदी कर पीछा किया और मोटरसाइकिल पर सवार दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय दूबे उर्फ सागर दूबे (22 वर्ष), पुत्र जयप्रकाश दूबे, निवासी तुलापुर, थाना औराई, जनपद भदोही, और अभिषेक सिंह (21 वर्ष), पुत्र अशोक सिंह, निवासी गहरवारी भीटी, थाना चील्ह, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके खिलाफ मु0अ0सं0 246/26 धारा 318(4), 345(3), 317(2) बीएनएस के तहत थाना औराई, जिला भदोही में मामला दर्ज किया है। अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक श्रेतांशु शेखर पंकज के साथ कांस्टेबल रंजीत सिंह, कांस्टेबल शेषनाथ, कांस्टेबल पवनेश राय, रिजर्व कांस्टेबल रामजी और रिजर्व कांस्टेबल शिवम शामिल थे।







