Home उत्तर प्रदेश नगर पंचायत अध्यक्ष ने जनता दरबार में नगरवासियों की सुनी शिकायतें

नगर पंचायत अध्यक्ष ने जनता दरबार में नगरवासियों की सुनी शिकायतें

उज्जवला गैस कनेक्शन धारकों के सत्यापन एवं उपकरण वितरण भी किया गया
PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी ने सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय पर जनता दरबार लगाया। उन्होंने जनता दरबार में आए नगर वासियों की समस्याएं सुनी और उनके निस्तारण हेतु निर्देशित भी किया। नगर पंचायत अध्यक्ष ने पेयजल, जल निकासी, आवास, सड़क और नाली से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए शीघ्र समस्याओं का निराकरण कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि बारिश का समय नजदीक आ चुका है। नगर में बारिश के दिनों में जल भराव न रहे इस पर व्यापक स्तर पर काम कराए जा रहे हैं। जिन स्थानों पर नालियों की आवश्यकता है, वहां नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जनता दरबार के बाद नगर पंचायत कार्यालय पर भारत गैस एजेंसी कोरांव की ओर से उज्जवला गैस कनेक्शन धारकों के सत्यापन का भी काम नगर पंचायत कार्यालय पर सोमवार को दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान उपभोक्ताओं को उपकरण भी वितरित किए गए। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि हम नागरिकों की सुविधा और विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। नगर में कोई भी समस्या हो उसका निराकरण प्राथमिकता है। जनता दरबार के दौरान सुमित पांडेय, सभासद राजकुमार केसरी, रामकृष्ण केसरी सहित कई अन्य गणमान्य नागरिक और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।