JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 रविवार को जनपद के 25 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के लिए पंजीकृत 10,214 अभ्यर्थियों में से केवल 3,139 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 7,075 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को पूर्व में सैनिटाइज कराया गया तथा सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती रही तथा कंट्रोल रूम से भी व्यवस्थाओं पर नजर रखी गई। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं परीक्षा नोडल अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल तथा पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कमांड कंट्रोल रूम में सीसीटीवी फुटेज की जांच करते हुए परीक्षा कक्षों की निगरानी व्यवस्था का सत्यापन किया।अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, रैम्प तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों की सघन जांच कराई गई तथा महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। जनपद में लागू धारा-163 का सख्ती से पालन कराया गया। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की गई। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान डीआईओएस रती वर्मा सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।







