Home उत्तर प्रदेश जिला पंचायत सभागार में प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने की समीक्षा...

जिला पंचायत सभागार में प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी ने की समीक्षा बैठक एवं पत्रकार वार्ता

मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं
MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय)  रविवार को जिला पंचायत सभागार में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद मीरजापुर के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने अधिकारियों के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के उपरांत प्रभारी मंत्री नंदी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल “संकल्प से सिद्धि तक, सेवा से सुशासन तक और समृद्धि से खुशहाली तक” की यात्रा का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री ने देश को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता की सेवा करने का सबसे लंबे समय तक अवसर प्राप्त हुआ है और उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की गरीब कल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। वैश्विक चुनौतियों एवं युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की विकास गति निरंतर आगे बढ़ी है और देश ने आर्थिक, औद्योगिक तथा सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में आधुनिक बुनियादी ढांचे का अभूतपूर्व विकास हुआ है। आज देशभर में विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे परियोजनाएं एवं भव्य एयरपोर्टों का निर्माण किया गया है, जिससे विकास को नई गति मिली है तथा रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। बैठक एवं पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष भाजपा लाल बहादुर सरोज, पूर्व मंत्री मड़िहान विधायक  रमाशंकर सिंह पटेल, नगर विधायक  रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक  सुष्मिता मौर्य, छानबे विधायक  रिंकी कोल, विधान परिषद सदस्य विनीत सिंह, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन श्रीमाली, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।