Home उत्तर प्रदेश सपा की राजनीति की नींव लट्ठ तंत्र पर टिकी :प्रभारी मंत्री

सपा की राजनीति की नींव लट्ठ तंत्र पर टिकी :प्रभारी मंत्री

JHANSI NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं झांसी के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को झांसी दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा की मूल सोच और कार्यशैली हमेशा से ‘लट्ठ तंत्र’ की रही है, जिसकी झलक आज भी उनके नेताओं के बयानों में दिखाई देती है। विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के लिए झांसी पहुंचे प्रभारी मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा भाजपा पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग के आरोप लगाते हुए चंबल कूच की चेतावनी देना उनकी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में प्रदेश में जंगलराज का माहौल था और चुनावों में गुंडागर्दी तथा दबंगई आम बात थी। जयवीर सिंह ने कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव होने के दौर में मैनपुरी लोकसभा सीट पर हुए चुनाव में अनियमितताओं और हिंसा के कारण भारत निर्वाचन आयोग को पुनर्मतदान कराना पड़ा था। यह घटना सपा की राजनीतिक संस्कृति और कार्यप्रणाली का उदाहरण है। राम मंदिर से जुड़े कथित घोटाले के मामले में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच चल रही है और जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। प्रभारी मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि झांसी में विकास कार्यों और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की गई है। जहां कहीं कमियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश में बिजली की अघोषित कटौती के सवाल पर जयवीर सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के कारण विद्युत मांग में वृद्धि हुई है, जिससे कुछ स्थानों पर आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि सरकार सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बिजली उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।