Home उत्तर प्रदेश नाला सफाई एवं सिल्ट निस्तारण कार्य में अनियमितता की शिकायत, सभासद ने...

नाला सफाई एवं सिल्ट निस्तारण कार्य में अनियमितता की शिकायत, सभासद ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: नगर पालिका परिषद फतेहपुर के वार्ड संख्या-2 आवास विकास कॉलोनी के सभासद दीपक कुमार मौर्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को पांच सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए नाला सफाई एवं सिल्ट निस्तारण कार्य में अनियमितताओं की जांच कराए जाने की मांग की। सभासद ने अपने ज्ञापन में बताया कि नगर पालिका परिषद द्वारा अल्पकालीन निविदा के अंतर्गत खलील नगर क्षेत्र में आवास विकास रोड से कूढ़ तालाब होते हुए नवैया तालाब तक नाला सफाई एवं सिल्ट निस्तारण का कार्य कराया जाना था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थल निरीक्षण एवं मौके की तस्वीरों से स्पष्ट प्रतीत होता है कि संबंधित क्षेत्र में अब भी पानी भरा हुआ है तथा भारी मात्रा में जलकुंभी, घास, कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक, सिल्ट एवं अन्य गंदगी मौजूद है। उन्होंने कहा कि इससे यह आशंका उत्पन्न होती है कि नाला सफाई एवं सिल्ट निस्तारण का कार्य या तो सही ढंग से नहीं किया गया अथवा केवल कागजी कार्रवाई के रूप में आंशिक रूप से पूरा दर्शाया गया है। क्षेत्र में फैली गंदगी एवं जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप, डेंगू, मलेरिया, जल प्रदूषण तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सभासद ने कहा कि यदि बिना वास्तविक सफाई एवं सिल्ट निस्तारण के कार्य का भुगतान किया जाता है तो यह लोकधन के दुरुपयोग की श्रेणी में आएगा। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की। ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित कार्य की राजस्व एवं तकनीकी टीम द्वारा मौके पर जांच कराई जाए तथा यह सत्यापित किया जाए कि नाला सफाई एवं सिल्ट निस्तारण का कार्य पूर्ण रूप से हुआ है या नहीं। साथ ही कार्य से संबंधित फोटो, वीडियो, माप पुस्तिका (एमबी), भुगतान बिल एवं सिल्ट निस्तारण स्थल के अभिलेखों की भी जांच कराई जाए। उन्होंने मांग की कि यदि कार्य अधूरा अथवा मानकविहीन पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोका जाए, आवश्यक वसूली की जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। इसके अलावा तालाब एवं नाला क्षेत्र से जलकुंभी, कूड़ा-कचरा, सिल्ट एवं अन्य गंदगी की तत्काल प्रभाव से सफाई कराई जाए।