Home उत्तर प्रदेश चिटफंड निवेशकों ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

चिटफंड निवेशकों ने किया प्रदर्शन, डीएम को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: चिटफंड कंपनियों में जमा धनराशि वापस दिलाए जाने की मांग को लेकर बुधवार को ठगी पीड़ित निवेशकों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने लंबित भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए निवेशकों को उनकी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की। संगठन के जिलाध्यक्ष मदनलाल आजाद ने बताया कि निवेशकों की समस्याओं को लेकर एक सितंबर 2024 से नहर कॉलोनी परिसर में अनिश्चितकालीन आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए बीएनएस एक्ट-2019 के प्रावधानों का जनपद में प्रभावी अनुपालन नहीं हो रहा है, जिसके कारण लाखों निवेशकों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद के लगभग 15 लाख निवेशकों की जमा पूंजी विभिन्न चिटफंड कंपनियों में फंसी हुई है। संगठन का दावा है कि भुगतान के लिए आवेदन किए जाने के बावजूद निर्धारित समय सीमा के भीतर किसी भी निवेशक को धनराशि वापस नहीं मिली है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में भुगतान संबंधी आवेदन लगातार जमा किए जा रहे हैं और अब तक लाखों आवेदन जमा हो चुके हैं, लेकिन अधिकांश आवेदकों को आवेदन प्राप्ति की रसीद तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इससे निवेशकों में असंतोष बढ़ रहा है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई करने तथा पात्र निवेशकों को उनकी जमा धनराशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इस दौरान चंद्रशेखर प्रजापति, बिंदाप्रसाद, अंबिकाप्रसाद, रास्वरूप वर्मा, ओमप्रकाश प्रजापति, राजेंद्र लोधी, दीपक सैनी सहित बड़ी संख्या में निवेशक उपस्थित रहे।