Home उत्तर प्रदेश कुशवाहा समाज का प्रदर्शन, हत्याकांड के आरोपियों पर गैंगस्टर कार्रवाई की मांग

कुशवाहा समाज का प्रदर्शन, हत्याकांड के आरोपियों पर गैंगस्टर कार्रवाई की मांग

कुशवाहा समाज बोला—अपराधियों के हौसले बुलंद, सख्त कार्रवाई जरूरी
JHANSI NEWS: गौरीशंकर कुशवाहा हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार और कुशवाहा समाज ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर परिवार की सुरक्षा, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन श्री मारकण्डेश्वर कुशवाहा समाज, झांसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट जुगल किशोर कुशवाहा एवं अध्यक्ष एडवोकेट सुरेश कुशवाहा  के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में मृतक गौरीशंकर कुशवाहा की पुत्री कु. ईशा कुशवाहा ने बताया कि उनके पिता की 5 जून की रात्रि में शिवानी होटल के पास चार नामजद एवं दो अज्ञात लोगों ने मिलकर हत्या कर दी थी। पुलिस द्वारा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अज्ञात आरोपी अभी भी फरार हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि अंतिम संस्कार के दिन ही एक व्यक्ति उनके घर पहुंचा और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। उसने स्वयं को शिवम यादव बताते हुए हत्या में शामिल होने का दावा किया तथा परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। ज्ञापन में कहा गया है कि आरोपियों की राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर तक पहुंच होने के कारण परिवार भय के माहौल में जीवन यापन कर रहा है।
कुशवाहा समाज ने जिलाधिकारी से मांग की कि पीड़ित परिवार को तत्काल पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही शिवानी होटल में कथित रूप से होने वाली अवैध गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में होटल के निर्माण की वैधता की भी जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
समाज के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित आरोपी दबंग और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं तथा पूर्व में भी विवादित गतिविधियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने आरोपियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान धर्मेंद्र कुशवाहा, गयादीन कुशवाहा, बृजेन्द्र कुशवाहा सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित रहे।