SIDHARTHNAGAR NEWS: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर पंचायत बढ़नी के वार्ड संख्या-4 में प्रबुद्ध जनसंपर्क अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वार्ड के सम्मानित नागरिकों और प्रबुद्ध जनों से घर-घर जाकर सीधा संपर्क साधा। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने आमजन को पार्टी का पत्रक सौंपा और पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा संचालित की गईं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी साझा की। इस विशेष जनसंपर्क अभियान के अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश पाठक, वरिष्ठ समाजसेवी राजेन्द्र गुप्ता, धनंजय सिंह, राजकुमार अग्रहरि, गोलू साहू, मंडल मंत्री ध्रुव चतुर्वेदी और बृजेश अग्रहरि सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। वार्ड में संपर्क के दौरान उपस्थित नेताओं ने नागरिकों से सरकार की जनहितकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सहयोग देने की अपील की। साथ ही, आत्मनिर्भर और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को और अधिक मजबूत व सशक्त बनाने के लिए बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आग्रह किया। स्थानीय नागरिकों ने भी केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति सकारात्मक उत्साह दिखाया।







