Home उत्तर प्रदेश जानलेवा हमले में घायल की मौत, कोहराम

जानलेवा हमले में घायल की मौत, कोहराम

पुलिस ने घटना में बढ़ाई हत्या की धारा, घटना से उपजे तनाव को लेकर नायब तहसीलदार की मान मनौवल पर हुआ अंतिम संस्कार
PRATAPGARH NEWS: जानलेवा हमले मे गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान प्रयागराज के स्वरूपरानी मेडिकल कालेज में रविवार को मौत हो गयी। मेडिकल कालेज मे पीएम होने के बाद सोमवार की देर रात करीब आठ बजे शव घर पहुंचा। घटना मे मात्र एक आरोपी की गिरफ्तारी से नाराज परिजनो ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसकी जानकारी पर सांगीपुर पुलिस के हाथ पांव फूल उठे। पुलिस ने घायल की मौत के बाद दर्ज मुकदमे मे हत्या की धारा मे बढ़ोत्तरी की है। वही सांगीपुर पुलिस ने मंगलवार को घटना मे शामिल एक और आरोपी को हिरासत मे लेकर जेल भेज दिया। इधर लालगंज के नायब तहसीलदार के आश्वासन पर मंगलवार को दोपहर बाद परिजनो ने गांव के समीप सई नदी के किनारे मृतक के शव का कफन दफन किया। सांगीपुर थाना क्षेत्र के अमान का पुरवा भोजपुर गांव मे विवाहिता बेटी से आरोपी पक्ष के युवक बबलू के द्वारा जबरिया फोन पर बातचीत को लेकर बीती छः जून को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे विवाद हुआ। आरोपी गांव के ही शिवपूजन के पुत्र बबलू तथा ननकू के पुत्र दिनेश व बबलू की बहन के साथ तीन से चार अज्ञात आरोपियो के खिलाफ पुलिस ने लाठी डंडे व लोहे की राड से मृतक ओमप्रकाश गौतम की पत्नी आशा तथा परिवार के शिव प्रकाश व फूलमती पर जानलेवा हमले को लेकर आरोपियो के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। एफआईआर मे पीडिता ने आरोपी बबलू पर उसकी बेटी प्रिया के यहां मायके मे आने पर दबाव बनाकर बातचीत के प्रयास की शिकायत दर्ज करायी गयी है। पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत मे लेकर जेल भेज दिया था। इधर मृतक ओमप्रकाश गौतम को गंभीर चोटें आने के कारण उसका प्रयागराज के एसआरएन में इलाज हो रहा था। इलाज के दौरान रविवार की रात ओमप्रकाश की मौत हो गयी। सूचना घर पहुंची तब परिजनो मे कोहराम मच गया। मेडिकल कालेज प्रशासन की सूचना पर सोमवार को ओमप्रकाश गौतम के शव का वहां पीएम कराया गया। पीएम के बाद शव घर पहुंचा तब कोहराम मच गया। परिजनो ने घटना मे आरोपियो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव के अंतिम संस्कार से मना कर दिया। सूचना पर मंगलवार की सुबह नायब तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार मिश्र सांगीपुर एसओ गौरव त्रिवेदी के साथ अमान का पुरवा पहुंचे। यहां मृतक के परिजनो ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौपते हुए हत्या में शामिल सभी आरोपियो की गिरफ्तारी व मृतक के परिजनों के गुजारा भत्ता के लिए शासन से दस लाख रूपये की सहायता व दो बीघे जमीन के आवंटन की मांग उठाई। नायब तहसीलदार ने शासन स्तर पर वार्ता के जरिए परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद दोपहर परिजन शव को लेकर गांव के समीप सई नदी के किनारे पहुंचे। वहां मृतक के शव का कफन दफन हुआ। मृतक अपने पीछे पत्नी आशा तथा बेटी पिंकी 15 व पुत्र विशाल 12 को निराश्रित छोड़ गया है। उसकी बड़ी बेटी प्रिया का विवाह हो चुका है। मृतक ओमप्रकाश गांव के समीप घुइसरनाथ धाम में बूट पालिश कर परिवार का भरण पोषण किया करता था। इधर सांगीपुर पुलिस ने एसओ गौरव त्रिवेदी की अगुवाई मे हत्या मे शामिल एक और आरोपी को दबोचकर मंगलवार को जेल भेजा। पुलिस टीम ने पूरे अमान भोजपुर रामगंज मोड़ से आरोपी पूरे अमान निवासी बबलू गौतम पुत्र शिवपूजन को हिरासत मे ले लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त एक लाठी बरामद हुई है। एसओ गौरव त्रिवेदी का कहना है कि घटना को लेकर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया था। ओमप्रकाश की मौत के बाद मुकदमे मे हत्या की धारा में बढ़ोत्तरी की गयी है। एसओ ने बताया कि शेष आरोपियो की तलाश जारी है, शीघ्र अन्य वांछितो को भी जेल भेजा जाएगा।