PRATAPGARH NEWS: बाइक की टक्कर से घायल किशोरी की मौत हो गयी। मौत की जानकारी होने पर परिजनों मंे कोहराम मच गया। लालगंज कोतवाली के अवदर जेवई गांव निवासी जियालाल विश्वकर्मा की सत्रह वर्षीया पुत्री रूबी विश्वकर्मा रविवार की शाम करीब सात बजे दवा लेकर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी बीच रास्ते में गांव के ही एक बाइक सवार ने लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाते हुए किशोरी की साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। सूचना पर पहुंचे परिवार के लोग उसे इलाज के लिए लालगंज ट्रामा सेण्टर ले आये। यहां परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने रूबी को मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। मृतका रूबी बीएससी की छात्रा थी। वह छः बहनों व दो भाईयों में सबसे छोटी थी। प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार का कहना है कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।







