Home उत्तर प्रदेश महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ सपा का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट...

महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक के खिलाफ सपा का हल्ला बोल, कलेक्ट्रेट तक निकाला मार्च

PRATAPGARH NEWS: समाजवादी पार्टी (सपा) ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता सपा कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान अंबेडकर चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान रानीगंज विधायक डॉ. आर.के. वर्मा ने तबला बजाकर विरोध जताया। सांसद एस.पी. सिंह पटेल ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूरे उत्तर प्रदेश में यह आंदोलन चलाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। पट्टी विधायक राम सिंह पटेल ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने, 24 घंटे बिजली आपूर्ति बहाल करने, बिजली दरों में की गई 10 प्रतिशत वृद्धि वापस लेने तथा किसानों को पर्याप्त खाद, पानी और कृषि कार्य के लिए ईंधन उपलब्ध कराने की मांग उठाई। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विशेष जातियों एवं पीडीए समाज के लोगों को फर्जी मुकदमों और एनकाउंटर में फंसाया जा रहा है, जिस पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। सांसद एस.पी. सिंह पटेल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन मुद्दों पर जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो समाजवादी पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी। प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस अवसर पर सांसद एस.पी. सिंह पटेल, विधायक राम सिंह पटेल, विधायक डॉ. आर.के. वर्मा, अधिवक्ता विनोद पांडेय, अधिवक्ता उमेश प्रताप यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार यादव, सोनू यादव, आदर्श शुक्ला सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।