Home उत्तर प्रदेश भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण को लेकर डीएम-एसपी ने की संयुक्त समीक्षा...

भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण को लेकर डीएम-एसपी ने की संयुक्त समीक्षा बैठक

जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए डीएम-एसपी ने बनाई रणनीति
FATEHPUR NEWS: जनपद में भूमि संबंधी विवादों के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से बुधवार को गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट फतेहपुर में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भूमि विवादों के निस्तारण में तेजी लाना तथा दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। बैठक में भूमि विवादों से संबंधित लंबित एवं संवेदनशील प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर जांच करें तथा विवादित मामलों में समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भूमि विवाद अक्सर कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण बनते हैं, इसलिए ऐसे मामलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आवश्यकतानुसार प्रभावी कार्रवाई कर विवादों को प्रारंभिक स्तर पर ही समाप्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य को त्वरित न्याय एवं राहत उपलब्ध कराने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। बैठक के दौरान संवेदनशील मामलों की सतत निगरानी, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच सूचना के त्वरित आदान-प्रदान पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी (एसडीएम), क्षेत्राधिकारी (सीओ), सभी थाना प्रभारी एवं राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।