FATEHPUR NEWS: जनपद के आबूनगर स्थित निरीक्षण भवन में राज्य मंत्री कृष्णा पासवान के साथ पशुपालन एवं दुग्ध विकास विभाग के अधिकारियों की सघन समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की प्रगति, गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं तथा पशुओं के संरक्षण एवं देखभाल से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पशुपालन विभाग की सभी लाभार्थीपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर पहुंचाया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। समीक्षा के दौरान जनपद के विभिन्न गो आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गोशालाओं में संरक्षित गोवंशों को समय पर पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा एवं दाना उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य और संरक्षण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। बैठक में पशु चिकित्सा अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। उनसे कहा गया कि गो आश्रय स्थलों के नियमित निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रकार की कमी या खामी दिखाई दे तो उसकी जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं। साथ ही समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि गोशालाओं की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर निगरानी रखी जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि बेहतर प्रबंधन, पशुओं की समुचित देखभाल और विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन के माध्यम से जनपद फतेहपुर की गोशालाओं को प्रदेश में उत्कृष्ट स्थान दिलाया जा सकता है। बैठक के अंत में अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि पशुपालन विभाग की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे और गो संरक्षण की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वेदव्रत गंगवार ने राज्य मंत्री को विभागीय कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप विभागीय कार्य किये जाने का विश्वास भी दिलाया।







