Home उत्तर प्रदेश आरडीएसओ द्वारा नवाचार एवं माल सुरक्षा अवयवों पर सेमिनार आयोजित

आरडीएसओ द्वारा नवाचार एवं माल सुरक्षा अवयवों पर सेमिनार आयोजित

LUCKNOW NEWS: आरडीएसओ, लखनऊ द्वारा आईआरएसईए (IRSEA) लखनऊ चैप्टर के सहयोग से ‘फाउंड्री, वैगन निर्माण एवं माल सुरक्षा अवयवों में नवाचार – 2026’ विषय पर एक सेमिनार आयोजित किया गया। इस सेमिनार में वैगन निर्माता, फाउंड्री उद्योग, बोगी एवं कपलर निर्माता, माल परिवहन संचालक तथा रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में माल ढुलाई रोलिंग स्टॉक अवयवों में तकनीकी उन्नयन, गुणवत्ता सुधार एवं सुरक्षा संवर्द्धन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सेमिनार को संबोधित करते हुए श्री प्रभास दनसाना, महानिदेशक, आरडीएसओ ने कहा कि वैगन निर्माता, अवयव निर्माता तथा माल परिवहन संचालक भारतीय रेल के महत्वपूर्ण सहयोगी हैं, जो देश की माल परिवहन प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं परिचालन दक्षता में सुधार हेतु भारतीय रेल एवं उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल बेहतर, तेज एवं अधिक लागत-प्रभावी माल परिवहन संचालन की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि आरडीएसओ एवं उद्योग जगत के संयुक्त प्रयासों से निकट भविष्य में रेल की माल परिवहन हिस्सेदारी को 45 प्रतिशत तक बढ़ाने का राष्ट्रीय लक्ष्य निर्धारित किया गया है। श्री दनसाना ने कहा कि इस सेमिनार का उद्देश्य माल वैगन अवयवों से संबंधित नवीन तकनीकों, निर्माण संबंधी चुनौतियों, परिचालन अनुभवों एवं गुणवत्ता सुधार उपायों पर विचार-विमर्श हेतु एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने हाल की पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि आरडीएसओ द्वारा CASNUB बोगी एवं सेंटर बफर कपलर अवयवों की विनिर्देशों में महत्वपूर्ण संशोधन किए गए हैं। इनमें बेहतर धातुकर्म, उन्नत हीट-ट्रीटमेंट प्रक्रियाएं, स्वचालित कोर उत्पादन, कड़े निरीक्षण तंत्र तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बेहतर सतह गुणवत्ता शामिल हैं। उन्होंने आगे बताया कि अवयवों की विश्वसनीयता एवं जीवनचक्र प्रदर्शन को बेहतर बनाने हेतु अनिवार्य मैग्नेटिक पार्टिकल परीक्षण, अधिक सटीक आयामी सहनशीलता, CNC मशीनिंग आवश्यकताएं तथा बेहतर ट्रेसबिलिटी मार्किंग लागू की गई हैं। निरंतर गुणवत्ता सुधार पर बल देते हुए महानिदेशक, आरडीएसओ ने ऑटोमेशन, सिमुलेशन आधारित कास्टिंग डिजाइन, डिजिटल गुणवत्ता निगरानी, उन्नत धातुकर्म तथा प्रक्रिया विश्लेषण जैसी आधुनिक तकनीकों को अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सेमिनार का समापन इंडस्ट्री 4.0, प्रक्रिया निगरानी एवं सुरक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), कंटेनरीकरण, उच्च भार क्षमता वाले वैगन डिज़ाइन, ग्राहक-केंद्रित समाधान, उन्नत सिमुलेशन तथा माल डिब्बों में बेहतर लोडिंग एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं पर तकनीकी चर्चाओं के साथ हुआ। सेमिनार में टेक्समैको, टिटागढ़, जूपिटर, ब्रेथवेट, GATX, ब्रांड अलॉयज़, फ्रंटियर, कल्याणी कास्ट, लोको कास्टिंग्स, ओरिएंटल फाउंड्री, HEI, अल्ट्रा टेक, श्याम मेटालिक्स एवं CONCOR जैसी प्रमुख संस्थाओं ने भाग लिया। एक दिवसीय इस सेमिनार में एडीजी, रोलिंग स्टॉक एवं आर एंड टी वर्टिकल्स के प्रिंसिपल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स एवं डायरेक्टर्स भी उपस्थित रहे। आईआरएसईए लखनऊ चैप्टर के महासचिव एवं ईडीएस/कैरेज ने रोलिंग स्टॉक निर्माण में तकनीकी उन्नयन को बढ़ावा देने हेतु आईआरएसईए एवं आरडीएसओ के प्रयासों पर प्रकाश डाला।