Home उत्तर प्रदेश डीएम के निर्देश पर बुद्ध नगरी में 530 वर्ग मीटर चकमार्ग से...

डीएम के निर्देश पर बुद्ध नगरी में 530 वर्ग मीटर चकमार्ग से हटाया अवैध कब्जा, संपन्न लोगों पर कार्रवाई

KUSHINAGAR NEWS: जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत आज नगर पालिका कुशीनगर के वार्ड संख्या 21 बुद्ध नगरी, राजस्व ग्राम बिशनपुर बिंदोलिया में लगभग 530 वर्ग मीटर कीमती चकमार्ग भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया। थाना व तहसील कसया क्षेत्र स्थित बिशनपुर बिंदोलिया गांव में चकमार्ग का गाटा संख्या 225, रकबा 530 वर्ग मीटर पर ममता, जयप्रकाश, कामोद, प्रमोद, श्याम कृष्ण, हरी लाल आदि लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। आज नगर पालिका की राजस्व टीम और पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में कब्जा हटाया गया। इस दौरान मौके पर नोकझोंक भी हुई। कार्रवाई के समय उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका कुशीनगर अंकित शुक्ला, राजस्व निरीक्षक ब्रजेश मणि, लेखपाल आलोक श्रीवास्तव, अजय कुमार दुबे, निलेश राव तथा सभासद केशव और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी डॉ. बघेल ने बताया कि जिले में चकमार्गों की पैमाइश और अतिक्रमण हटाने का अभियान चल रहा है। इसकी प्रतिदिन समीक्षा जिलाधिकारी स्वयं करते हैं। “इस तरह संपन्न लोगों ने बेशकीमती सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। चकमार्गों की पैमाइश कर सूची नगर पालिका और ब्लॉकों को भेज दी गई है ताकि बरसात से पहले उन पर मिट्टी भराई का कार्य कराया जा सके।