JHANSI NEWS: सामाजिक सरोकारों एवं जनसेवा की भावना को समर्पित संघर्ष सेवा समिति कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल के आगमन पर आत्मीय एवं भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर समिति पदाधिकारियों द्वारा उन्हें तिलक लगाकर, पुष्पमालाएं पहनाकर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही स्मृतिचिह्न स्वरूप वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संदीप सरावगी एवं प्रदीप पटेल के मध्य सामाजिक एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीर एवं व्यापक चर्चा हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष ने संघर्ष सेवा समिति की कार्यप्रणाली को निकटता से समझते हुए समिति के सेवा कार्यों एवं सक्रिय पदाधिकारियों की मुक्तकंठ से सराहना की। प्रदीप पटेल ने कहा कि डॉ. संदीप सरावगी समाजहित में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से नारी सशक्तिकरण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके प्रयास अत्यंत प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समाजसेवी व्यक्तित्वों को राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, क्योंकि वर्तमान समय में राजनीति सेवा, संवेदनशीलता और जनसरोकारों के आधार पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने सामूहिक विवाह आयोजनों को दहेज प्रथा पर प्रभावी एवं सकारात्मक प्रहार बताते हुए कहा कि बुंदेलखंड क्षेत्र में विवाह हेतु दहेज की व्यवस्था करना अनेक परिवारों के लिए संघर्षपूर्ण होता है, ऐसे में डॉ. संदीप द्वारा किए जा रहे प्रयास समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।वहीं डॉ. संदीप सरावगी ने भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों का सहयोग एवं मार्गदर्शन सदैव प्रेरणास्रोत रहता है। इस अवसर पर सरित राय, गोलू पटेल, कमल मेहता, नरगिश बानो, मीणा मसीहा, दीपक त्रिपाठी, राजदा, मानवेंद्र सिंह पाल, राजा सिंह मुखिया, रामसेवक अडजरिया, महेश पटेरिया, शिवम लखेरा, अभिषेक कनौजिया, बसंत गुप्ता, राकेश अहिरवार, सुशांत गुप्ता, शुभांशु वर्मा, मुन्ना मास्टर, राजू सेन, अनुज प्रताप सिंह, संदीप नामदेव, धर्मेंद्र खटीक चाचा, अंजली विश्वकर्मा, रिया वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।







