MIRZAPUR NEWS: विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा प्रत्येक वर्ष 31 मई को मनाए जाने वाले विश्व तम्बाकू निषेध दिवस-2026 के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर में “सेहत सही, लाभ कई” अभियान के तहत विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष की थीम तम्बाकू उद्योग के हथकंडों से युवाओं को बचाएं रखी गई है। जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की ओर से स्मार्ट संस्था एवं सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो के संयुक्त तत्वावधान में जिलेभर में रैली, नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य शिविर और संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे।
अभियान के तहत “तम्बाकू छोड़ो, जिंदगी जोड़ो” जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसमें स्कूली छात्र, NSS, NCC, आशा और ANM कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसके साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं तम्बाकू उन्मूलन परामर्श शिविर भी लगाए जाएंगे। युवाओं को जागरूक करने के लिए “स्मार्ट यूथ, टोबैको फ्री यूथ” संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें जिला तम्बाकू नोडल अधिकारी युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। वहीं सलाम नमस्ते 90.4 FM पर “सेहत सही, लाभ कई” लाइव फोन-इन कार्यक्रम में विशेषज्ञ डॉक्टर और मनोवैज्ञानिक श्रोताओं के सवालों के जवाब देंगे।जिला तम्बाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ प्रमुख डॉ. श्वेता खुराना ने कहा कि तम्बाकू हर साल लाखों लोगों की जान लेता है। एक सिगरेट जीवन के लगभग 11 मिनट कम कर देती है। उन्होंने कहा कि कैंसर, हार्ट अटैक, स्ट्रोक और नपुंसकता जैसी गंभीर बीमारियों का बड़ा कारण तम्बाकू है। हीटवेव के दौरान तम्बाकू सेवन से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने युवाओं से तम्बाकू से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि तम्बाकू कंपनियां युवाओं को आकर्षित करने के लिए भ्रम फैलाती हैं, लेकिन इसका खामियाजा परिवारों को भुगतना पड़ता है। जिला अस्पताल के तम्बाकू उन्मूलन केंद्र में निःशुल्क दवा और काउंसलिंग उपलब्ध है। अभियान के तहत सलाम नमस्ते सामुदायिक रेडियो पर पूरे माह तम्बाकू छोड़ो चौपाल कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा, जिसमें तम्बाकू छोड़ चुके लोगों की सफलता की कहानियां, डॉक्टरों की सलाह, गीत और नुक्कड़ नाटक शामिल होंगे। श्रोता 7982761117 पर मिस्ड कॉल देकर निःशुल्क परामर्श भी प्राप्त कर सकेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपने प्रतिष्ठानों को तम्बाकू मुक्त क्षेत्र घोषित करने और 31 मई को घर एवं कार्यालयों में तम्बाकू निषेध शपथ दिलाने की अपील की है।







