यात्री हित को दृष्टिगत रखते हुए भेजा गया डीआरएम को पत्र
BHADOHI NEWS: ज्ञानपुर नगर निवासी एवं जिला उपभोक्ता आयोग भदोही में रीडर पद पर तैनात स्वतंत्र रावत ने गाड़ी संख्या 11107 एवं 11108 बुंदेलखंड एक्सप्रेस का मोड़ रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में नियमित ठहराव सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने उत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक सहित रेल मंत्रालय को एक विस्तृत जनहित याचिका प्रेषित की है। अपने पत्र में रावत ने उल्लेख किया है कि गाड़ी संख्या 11107 बुंदेलखंड एक्सप्रेस ग्वालियर से वाराणसी तथा गाड़ी संख्या 11108 वाराणसी से ग्वालियर के बीच प्रतिदिन संचालित होती है। ट्रेन का मार्ग जंघई जंक्शन, सुरियावां, मोड़ रेलवे स्टेशन एवं भदोही स्टेशन होकर गुजरता है। वर्तमान में वाराणसी जाने वाली 11107 बुंदेलखंड एक्सप्रेस मोड़ स्टेशन पर नहीं रुकती, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 11108 रेलवे समय-सारणी के अनुसार सायं लगभग 5ः35 बजे मोड़ स्टेशन पर ठहराव करती है। उन्होंने अपने पत्र में तर्क दिया है कि मोड़ रेलवे स्टेशन जिला मुख्यालय ज्ञानपुर से मात्र 6-7 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है तथा कलेक्ट्रेट, जिला न्यायालय, जिला चिकित्सालय, एसपी कार्यालय, विकास भवन, परिवहन कार्यालय सहित अधिकांश प्रमुख सरकारी संस्थान इसी मार्ग पर स्थित हैं। इसके विपरीत भदोही रेलवे स्टेशन से जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 16 किलोमीटर पड़ती है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त समय, दूरी एवं आर्थिक भार वहन करना पड़ता है। श्री रावत ने कहा कि यदि बुंदेलखंड एक्सप्रेस का दोनों दिशाओं में मोड़ स्टेशन पर नियमित ठहराव प्रदान किया जाता है तो हजारों यात्रियों, सरकारी कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, मरीजों एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। यह मांग पूरी तरह जनहित एवं यात्री सुविधा से जुड़ी हुई है। पत्र में रेलवे प्रशासन से अपेक्षा की गई है कि जनसुविधा को दृष्टिगत रखते हुए इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।







