Home उत्तर प्रदेश जनगणना-2027 के प्रथम चरण हेतु फील्ड ट्रेनर्स एवं मास्टर ट्रेनर्स की तैनाती,...

जनगणना-2027 के प्रथम चरण हेतु फील्ड ट्रेनर्स एवं मास्टर ट्रेनर्स की तैनाती, 22 मई से प्रारम्भ होगा मकानसूचीकरण कार्य

KUSHINAGAR NEWS: भारत सरकार गृह मंत्रालय, जनगणना कार्य निदेशालय के पत्र दिनांक 20 जनवरी 2026 के अनुपालन में जनगणना-2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य उत्तर प्रदेश में 22 मई से 20 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा। राष्ट्रीय महत्व के इस समयबद्ध एवं अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य के सफल क्रियान्वयन हेतु जनपद कुशीनगर में 122 फील्ड ट्रेनर्स एवं मास्टर ट्रेनर्स की तैनाती विभिन्न तहसीलों, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में की गई है। जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने बताया कि तैनात फील्ड ट्रेनर्स एवं मास्टर ट्रेनर्स संबंधित चार्ज स्थलों पर उपस्थित होकर तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारियों से समन्वय स्थापित करेंगे तथा जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक तकनीकी एवं व्यवहारिक सहयोग प्रदान करेंगे। जारी आदेश के अनुसार नगर पालिका परिषद पडरौना, तहसील पडरौना, हाटा, तमकुहीराज सहित जनपद के विभिन्न चार्ज स्थलों पर प्रशिक्षण प्राप्त कार्मिकों को तैनात किया गया है। इनकी जिम्मेदारी होगी कि वे जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकानसूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें। जिला जनगणना अधिकारी  वैभव मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देशित किया है कि वे जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ सम्पन्न कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण एवं नीतिगत निर्णयों के निर्धारण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।