MIRZAPUR NEWS: पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक के निर्देश पर जनपद में अपराध और अवैध असलहा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कछवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी असलहा तस्कर गैंग के सरगना को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर मुनेन्द्र पाल सिंह के निर्देशन में प्रभारी थानाध्यक्ष कछवां के रूप में कार्यरत सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षणाधीन कनिष्क आर. जामकर के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना कछवां में दर्ज असलहा तस्करी के मामलों में वांछित दो आरोपी बाइक से भटौली के रास्ते भदोही की तरफ जा रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केवटावीर के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में सीमित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान देवश्वर शुक्ला पुत्र कृपाशंकर निवासी जयवंत सिंह का पुरा, थाना पड़री, मिर्जापुर के रूप में हुई है। वह 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल, दो कट्टे (.315 बोर और .303 बोर), जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कछवां में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।







