Home उत्तर प्रदेश पीड़ितों एवं जिला प्रशासन के साथ खड़ी है पालिकाःडॉ.अंसारी 

पीड़ितों एवं जिला प्रशासन के साथ खड़ी है पालिकाःडॉ.अंसारी

उन्होंने नागरिकों से अपील किया कि सभी लोग सावधानी बरतें, एक-दूसरे की मदद करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें
BHADOHI NEWS: अचानक बुधवार की शाम बदले मौसम ने पूरे नगर और आसपास के क्षेत्रों सहित जनपद में तबाही का मंजर पैदा कर दिया। इस प्राकृतिक आपदा के बीच 15 लोगों की मृत्यु एवं 8 लोगों के घायल होने की दुखद सूचना मिलने से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई। हर ओर दुःख और चिंता का माहौल दिखाई दिया। लोग एक-दूसरे का हालचाल लेते और पीड़ित परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते नजर आए। इस दुःखद घटना पर नगर पालिका परिषद भदोही की अध्यक्ष नरगिस अतहर एवं पालिकाध्यक्ष पति डॉ.मो.अतहर अंसारी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह हादसा अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक है। दुःख की इस घड़ी में नगर पालिका परिषद भदोही मृतक एवं घायल पीड़ित परिवारों तथा जिला प्रशासन के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। डॉ.अंसारी ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाए जा रहे हैं तथा प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। डॉ.अंसारी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग सावधानी बरतें, एक-दूसरे की मदद करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।