Home उत्तर प्रदेश जनपद में आंधी-तूफान के कहर ने ले ली 15 लोगों की जान

जनपद में आंधी-तूफान के कहर ने ले ली 15 लोगों की जान

डीएम एवं एसपी ने प्रभावित गांवों का किया दौरा, राहत बचाव कार्य में जुटी रही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीमें
BHADOHI NEWS: जनपद में बुधवार सायंकाल लगभग 5ः30 बजे आए धूलभरी तेज आंधी-तूफान एवं खराब मौसम के कारण विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई दुःखद घटनाएं घटित हुईं। तेज हवा एवं आंधी के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, बिजली के खंभे, मकान एवं मंदिर और मस्जिद गिर पड़े, जिससे जनहानि एवं पशु हानि की घटनाएं सामने आई हैं। अब तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार विभिन्न घटनाओं में कुल 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। इसके अतिरिक्त 16 पशुओं की मृत्यु की सूचना भी प्राप्त हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की टीमों द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया। जहां फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को नजदीकी पीएचसी एवं चिकित्सालयों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू रेफर किया गया है। जहां उन्हें समुचित चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण होते ही शासन द्वारा अनुमन्य दैवीय आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। डीएम शैलेश कुमार एवं एसपी अभिनव त्यागी ने आपदा प्रभावित कुछ गांवों का संयुक्त रूप से दौरा कर मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान रेस्क्यू कार्य में जुटी पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों का उत्साहवर्धन किया तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने एवं बचाव कार्य में सहयोग करने की अपील की। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपदा अथवा दुर्घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस के सीयूजी नंबरों पर दें, जिससे त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन की टीमें लगातार विभिन्न माध्यमों एवं सोशल मीडिया से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई कर राहत कार्यों में जुटी हुई हैं।