SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश कोषागार कर्मचारी संघ की जनपद इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन मंगलवार को निर्विरोध संपन्न हो गया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष नजमी कमाल खान की अध्यक्षता में आयोजित चुनावी सभा में सर्वसम्मति से जमुना प्रसाद आर्य को अध्यक्ष और अजीत प्रताप सिंह को मंत्री चुना गया। कोषागार कार्यालय में आयोजित इस बैठक में प्रभारी सहायक कोषाधिकारी राजीव कुमार बतौर निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद सदस्यों की आम सहमति से पूरी टीम को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नई कार्यकारिणी में अरविंद कुमार मिश्र को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राम चन्द्र को उपाध्यक्ष, प्रेम कुमार शर्मा को संयुक्त मंत्री, कुमार अजय सहाय को कोषाध्यक्ष और अरशद कमाल को सांस्कृतिक एवं प्रचार मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संघ के मार्गदर्शन के लिए एक संरक्षक मंडल का भी गठन किया गया है, जिसमें नजमी कमाल खान, राजीव कुमार और चन्द्र प्रकाश गुप्त को नामित किया गया है। निर्वाचित पदाधिकारियों की सूची और कार्यकारिणी गठन की सूचना निदेशक (कोषागार निदेशालय, लखनऊ), अपर निदेशक (बस्ती मंडल), जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दी गई है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि संघ सदैव कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी जायज मांगों के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कोषागार कर्मचारी उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश कोषागार कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी घोषित, जमुना प्रसाद आर्य निर्विरोध अध्यक्ष...





