Home उत्तर प्रदेश नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा प्रशासन की प्राथमिकता: नोडल अधिकारी

नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा प्रशासन की प्राथमिकता: नोडल अधिकारी

9 व 10 मई को 6 केंद्रों पर दो पालियों में होगी पीजीटी परीक्षा, सभी तैयारियां पूर्ण
JHANSI NEWS: अपर जिलाधिकारी/नोडल अधिकारी परीक्षा शिव प्रताप शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट नवीन सभागार में आयोजित बैठक में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पीजीटी) लिखित परीक्षा-2022 की तैयारियों की समीक्षा की गई। यह परीक्षा 09 एवं 10 मई को जनपद के 06 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 09:30 से 11:30 बजे तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 से 04:30 बजे तक संपन्न होगी। बैठक में नोडल अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि वे समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तैयारियां सुनिश्चित करें तथा पूर्व परीक्षाओं में रही कमियों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में डुप्लीकेट परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल न हो सकें। इसके लिए कक्ष निरीक्षक एडमिट कार्ड का सघन सत्यापन करें। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में दीवार घड़ी अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी तथा परीक्षार्थियों को हाथ घड़ी पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहेंगे। परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, एंड्रॉइड फोन, घड़ी व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी, जिसमें महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला शिक्षिकाओं द्वारा ही की जाएगी। नोडल अधिकारी ने सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्रों का पुनः निरीक्षण कर लें और विद्युत व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार का धरना-प्रदर्शन, जुलूस या जनसभा प्रतिबंधित रहेगी। बिना अनुमति लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं किया जाएगा तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षा अवधि में जनपद झाँसी में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 प्रभावी रहेगी, जिसका कड़ाई से पालन कराया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा ने बताया कि 09 मई को प्रथम पाली में 2117 तथा द्वितीय पाली में 1875 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं 10 मई को प्रथम पाली में 2308 एवं द्वितीय पाली में 1521 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर श्रीमती प्रीति सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रति वर्मा सहित समस्त सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।