JAUNPUR NEWS: पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी के पति पी.सी. जोशी के आकस्मिक निधन पर महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री एवं जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह प्रयागराज पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। मुंबई से प्रयागराज की सीधी फ्लाइट न मिलने पर वह वाराणसी पहुंचे और वहां से जौनपुर होते हुए मंगलवार सुबह सीधे प्रयागराज स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। कृपाशंकर सिंह के पहुंचने पर प्रो. रीता बहुगुणा जोशी भावुक हो गईं। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही। कृपाशंकर सिंह ने कहा कि पी.सी. जोशी शिक्षा जगत से जुड़े विद्वान व्यक्तित्व थे। मैकेनिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में उनकी गहरी पकड़ थी और वह लंबे समय तक शिक्षण कार्य से जुड़े रहे। उनकी सादगी, अनुशासन और पारिवारिक समर्पण उन्हें विशिष्ट बनाता था। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि पी.सी. जोशी का निधन समाज और परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य श्यामराज सिंह भी मौजूद रहे।







