40 घंटे तक चला गतिरोध खत्म, पूर्व सांसद ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की
JAUNPUR NEWS: सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव में दूल्हे आजाद बिंद की हत्या के बाद आक्रोशित परिजन आखिरकार पूर्व सांसद धनंजय सिंह के आश्वासन पर अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए। करीब 40 घंटे तक चले गतिरोध के बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयास से स्थिति सामान्य हुई। थाना क्षेत्र के गांव निवासी 22 वर्षीय आजाद बिंद की 1 मई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब वह बारात लेकर जा रहा था। घटना के बाद परिजन बेहद नाराज थे और उन्होंने शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया था। जिला प्रशासन के अधिकारी—डीएम और एसपी—लगातार परिजनों को समझाने में जुटे रहे लेकिन परिजन किसी भी सूरत में मानने को तैयार नहीं थे।
इसी बीच पूर्व सांसद धनंजय सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी। उनके आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए।
पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कहा, “यह सिर्फ एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे जिले के लिए हृदय विदारक घटना है। प्रशासन को चाहिए कि इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करे। अगर इसमें कोई पेशेवर अपराधी शामिल है तो उसे आजीवन कारावास या फांसी जैसी सजा दी जानी चाहिए। हालांकि किसी भी निर्दोष को फंसाया नहीं जाना चाहिए।” उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि इस घटना में जो भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। करीब 40 घंटे तक शव घर पर रखे रहने के बाद आखिरकार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समझाने-बुझाने पर अंतिम संस्कार कराया गया।







