SIDHARTHNAGAR NEWS: तहसील नौगढ़ में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण तहसील समाधान दिवस में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 41 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष को तीन दिन के भीतर निपटाने के निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, शिक्षा, पूर्ति समेत अन्य विभागों की शिकायतों पर सुनवाई की गई। पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार ने की, जबकि उपजिलाधिकारी नौगढ़ कल्याण सिंह मौर्य भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने पिछले तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर नाराजगी जताई और जिला स्तरीय टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों का निस्तारण मौके पर जाकर जांच के बाद ही किया जाए।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि तहसील दिवस और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जांच के दौरान दोनों पक्षों की मौजूदगी अनिवार्य करने को कहा। जिलाधिकारी ने कानूनगो और लेखपालों को भूमि संपत्ति व विवाद रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी विभाग का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।तहसील दिवस में प्राप्त 41 प्रार्थना पत्रों में राजस्व के 28, पुलिस के 4, नगर पालिका के 4, विकास, आबकारी, एनएच, जल निगम और विद्युत के एक-एक मामले शामिल रहे। राजस्व के चार मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी रजत कुमार चौरसिया, पीडी नागेन्द्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, बीएसए शैलेष कुमार, डीएसओ देवेन्द्र प्रताप सिंह, तहसीलदार नौगढ़ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







